आगरा। छावनी क्षेत्र की संकरी गलियों में भी अब कूड़ा उठान हो सकेगा। इसके लिए छावनी परिषद 18 नए ई-रिक्शे खरीद रही है। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद टेंडर भी हो चुका है। कंपनी ई-रिक्शे तैयार कर रही है और करीब एक महीने में इनके आने की संभावना है। इनसे आठ वार्डों की उन संकरी गलियों में कूड़ा उठाया जा सकेगा, जहां बड़ी गाड़ियां नहीं पहुंच पाती हैं। छावनी क्षेत्र में आठ वार्डों के लिए करीब 185 सफाई कर्मचारी तैनात हैं। सफाई व्यवस्था पर हर महीने लगभग 45 लाख रुपये से अधिक खर्च होते हैं। इसके बावजूद हर घर से कूड़ा नहीं उठ पाता है। बड़ी गाड़ियों के नहीं पहुंचने के कारण संकरी गलियों में कूड़ा कई दिन तक पड़ा रहता है। कूड़ा उठान के लिए दो छोटे हाथी और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी नई खरीदी जा चुका है। सेनेटरी प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि सभी वार्डों में घरों और प्रतिष्ठानों से डोर-टू-डोर कचरा उठाया जा रहा है। लोगों से गीला, सूखा और हानिकारक कचरा अलग देने को कहा जा रहा है। जल्द ही ई रिक्शे आने से आठ वार्डों से कूड़ा आसानी से उठाया जा सकेगा। इन रिक्शों की पहुंच संकरी गलियों में भी हो सकेगी।