यूआईडीएआई ने दी राहत, समय पर बायोमीट्रिक अपडेट कराने की अपील आगरा। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने 5 से 17 वर्ष तक के बच्चों के आधार कार्ड का अनिवार्य बायोमीट्रिक अपडेट 30 सितंबर 2026 तक निशुल्क करने की सुविधा प्रदान की है। इस अवधि में अभिभावक अपने बच्चों का आधार अपडेट खंदारी स्थित आधार सेवा केन्द्र पर जाकर करा सकते हैं। यूआईडीएआई के अनुसार 5 वर्ष और 17 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद बच्चों का बायोमीट्रिक (फोटो, फिंगरप्रिंट और आईरिस) अपडेट कराना जरूरी होता है। समय पर अपडेट नहीं होने पर आधार प्रमाणीकरण से जुड़ी सेवाओं, छात्रवृत्ति, प्रवेश, बैंकिंग और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में दिक्कत आ सकती है। यूआईडीएआई ने अभिभावकों से अपील की है कि वे 30 सितंबर 2026 तक इस निशुल्क सुविधा का लाभ उठाकर बच्चों का आधार अपडेट अवश्य करा लें। निर्धारित तिथि के बाद आधार अपडेट के लिए नियमानुसार शुल्क देय होगा।