आगरा के गांव मनोहरपुर में किसान नेता विपिन यादव के नेतृत्व में चल रहे किसान आंदोलन को और प्रभावी बनाने के लिए बृहस्पतिवार को धरना स्थल पर टेंट लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया। किसानों का कहना है कि लगातार बढ़ती संख्या और आंदोलन को मजबूती देने के लिए यह कदम उठाया गया है। इसी क्रम में किसानों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाते हुए गांव नगला खरगा में थाली और कटोरा लेकर एडीए के खिलाफ भीख मांगी। किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर गांव पहुंचे और विरोध जताया। इस दौरान किसानों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसान नेता विपिन यादव ने आरोप लगाया कि रहनकला और रायपुर में एडीए किसानों के साथ छलावा कर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 20 दिनों से किसान धरने पर बैठे हैं, लेकिन अब तक कोई भी जिम्मेदार अधिकारी उनकी सुनवाई के लिए आगे नहीं आया है। उन्होंने बताया कि आंदोलन को और तेज करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वार्ता कर समस्या के समाधान की मांग की जाएगी। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।