आगरा में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने सोमवार को कहा कि यदि उत्तर प्रदेश सरकार किसानों का कर्ज माफ करती है तो उनका संगठन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का समर्थन करेगा, अन्यथा किसान क्रांति दल प्रदेश की सभी 403 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगा। सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (भानु) की महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष गीता ठाकुर का पदभार ग्रहण एवं स्वागत-सम्मान समारोह वाटरवर्क्स स्थित अतिथिवन में आयोजित किया गया। इसमें आए भानु प्रताप सिंह ने कहा कि किसान क्रांति दल विधानसभा ही नहीं, बल्कि जिला पंचायत चुनाव और उसके बाद लोकसभा की सभी 543 सीटों पर भी चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। किसानों को उनका हक दिलाना है। केंद्र सरकार की मौजूदा नीतियां किसानों के हित में नहीं हैं। किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए राजनीतिक विकल्प खड़ा करना जरूरी हो गया है। इस दौरान महिला मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम चौहान, निधि शर्मा, गीता भाटी, वंदना सिंह, दीपक सिंह, उदयवीर यादव, महिपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।