बलदेव। शरद पूर्णिमा पर मंदिर श्री दाऊजी महाराज ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सोमवार सुबह से दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। परिसर दिनभर भक्तों की चहल-पहल से गुलजार रहा। शरद पूर्णिमा की मध्यरात्रि में श्री दाऊजी महाराज का विशेष श्रृंगार श्वेत धवल वस्त्र में हीरा, जवाहरात, पन्ना, माणिक बहुमूल्य आभूषणों धारण कर दर्शन दिए। मनोहारी श्रृंगार के दर्शन कर भक्त भाव-विभोर हो उठे, श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं भक्ति के साथ पूजा-अर्चना की। शरद पूर्णिमा पर खीर का विशेष महत्व रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान को खीर का भोग अर्पित किया। भक्तों को खीर का प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया। शरद पूर्णिमा पर अन्य मंदिरों में दर्शन-पूजन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।