दावत खाने जा रहे युवक को लाठी डंडे से पीटा
- गांव मधूपुर में हुई घटना, औंछा थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। थाना औंछा क्षेत्र के गांव मधुपुर में आरोपी ने एक युवक को रास्ते में घेर लिया और लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया। ग्रामीणों को आता देख जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
औंछा क्षेत्र के गांव मधुपुर निवासी विवेक कुमार ने बताया कि रविवार को वह गांव भगवंतपुर में एक आयोजन में शामिल होने के लिए गए थे। देर शाम को दावत खाने के बाद वह घर वापस लौट रहे थे।
तभी रास्ते में जहान नगर के पास भूपेंद्र उर्फ हुस्सा निवासी गांव खेरिया ने रोक कर गाली गलौज करना शुरू कर दिया। मना करने पर आरोपी ने उन्हें लाठी-डंडे से पीटना शुरू कर दिया। वह जमीन पर गिर गए। चीख पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण जब घटनास्थल की ओर आए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गया। मामले में तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया। आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।