युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को केंद्र सरकार पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए विरोध स्वरूप प्रधानमंत्री का पुतला फूंका। शिमला में चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर युवा कांग्रेस ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया और लोकतंत्र बचाओ के नारे लगाए। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार पर चुनाव आयोग से गठजोड़ कर वोटों की चोरी का आरोप लगाया। युवा कांग्रेस के महासचिव आर्यन चौहान ने कहा कि अगर मतदाताओं के अधिकारों की खुली लूट और लोकतंत्र की हत्या पर रोक न लगी तो युवा कांग्रेस इससे भी अधिक उग्र और व्यापक आंदोलन देशभर में छेड़ेगी। युवा कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा के लिए किसी भी हद तक संघर्ष को तैयार है। युवा कांग्रेस का स्पष्ट संदेश है कि वोट की चोरी अब नहीं चलेगी। इस मौके पर युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी और महासचिव डॉ. रंजीत सिंह वर्मा सहित प्रदेश कार्यकारिणी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।