हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में प्रस्तावित फीस वृद्धि के विरोध में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने शुक्रवार शाम समरहिल चौक पर चक्का जाम शुरू कर दिया। संगठन के आह्वान पर बड़ी संख्या में छात्र मौके पर एकत्र हुए और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। एसएफआई कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में लगातार बढ़ाई जा रही फीस छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। संगठन का कहना है कि शिक्षा को महंगा बनाकर गरीब और मध्यमवर्गीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से दूर किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने फीस वृद्धि का निर्णय वापस लेने की मांग उठाई। चक्का जाम के दौरान समरहिल चौक पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है। एसएफआई नेताओं ने कहा कि यदि प्रशासन ने छात्रों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संगठन ने पहले ही सामूहिक गिरफ्तारियां देने की घोषणा की थी। समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी था और छात्र चौक पर डटे हुए थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति पर नजर रखी जा रही है। एसएफआई नेताओं का कहना है कि फीस वृद्धि के खिलाफ यह आंदोलन केवल विश्वविद्यालय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि छात्र हितों से जुड़े अन्य मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से फीस बढ़ोतरी का फैसला तत्काल वापस लेने की मांग की है।