अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, छोटा शिमला में 'पुलिस की पाठशाला' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसपी सीआईडी भूपेंद्र नेगी ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशे, साइबर अपराध और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में करीब 300 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग लिया। एसपी भूपेंद्र नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान चला रही है और पुलिस भी चिट्टा समेत अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश से चिट्टा तस्करों को जड़ से उखाड़ फेंकना पुलिस का लक्ष्य है और इसके लिए निरंतर अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और यदि कहीं भी नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिले तो पुलिस को सूचित करें। कार्यक्रम के दौरान एसपी ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने जैसी साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह दी। कार्यक्रम के अंत में एसपी भूपेंद्र नेगी ने इस जनजागरूकता अभियान के आयोजन के लिए अमर उजाला फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।