पाली जिले में गुरुवार को गैस सिलिंडर में अचानक लगी आग से मां और बेटी उसकी चपेट में आ गए। इस दौरान महिला के पति ने तुरंत हिम्मत दिखाते हुए जलते हुए सिलिंडर को घर से बाहर फेंक दिया अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। इस हादसे में मां और बेटी बुरी तरह झुलस गई और गैस सिलेंडर बाहर फेंकने के दौरान पिता भी आग की चपेट में आकर झुलस गया।
बता दें कि पाली शहर के औद्योगिक नगर थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर में गुरुवार को गुड़िया (35) चाय बना रही थी। जबकि इसकी 10 वर्षीय बेटी सनम पास में ही बैठी थी और उसका पति साबिर कुछ ही दूरी पर बैठा था।
गैस चूल्हे के पाइप में लगी आग
इस दौरान अचानक गैस चूल्हे के पाइप में आग लग गई और सिलिंडर तक पहुंच गई। इसके बाद आग की लपटें मां और बेटी सनम के कपड़ों तक पहुंच गई। इस पर पति शाबिर ने तुरंत जलते हुए सिलिंडर को उठाकर बाहर फेंका और पत्नी और बेटी पर पानी डालकर आग को बुझाया।
यह भी पढ़ें: होली के कारण डेढ़ महीने में खोला सांवलिया सेठ का भंडार, पहले चरण में साढ़े सात करोड़ की हुई गणना
इस दौरान एकत्र हुए कॉलोनीवासियों की सूचना पर दमकलकर्मी भी पहुंच गए। शाबिर के अनुसार, इस हादसे में उसकी पत्नी और बेटी बुरी तरह झुलस गए, जिन्हें पाली के बांगड़ अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
यह भी पढ़ें: होली और जुमे की नमाज को लेकर सुरक्षा कड़ी, हर नाके पर पुलिस जवान तैनात
जलता हुआ सिलिंडर बाहर फेंकने के दौरान शाबिर का चेहरा और हाथ भी झुलस गए। जबकि पत्नी और बेटी 25 फीसदी झुलस गए। साबिर हाइवे पर किसान केसरी पेट्रोल पंप के पास गाड़ियों की रेडियम प्लेट बनाने का काम करता है। घटना के समय दो बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे। इसलिए वे बच गए। हादसे में घर की वायरिंग और घरेलू सामान भी जल गया।