फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udaipur News: सड़क हादसे में विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी गंभीर रूप से घायल, चार युवक हिरासत में

Sat, 30 Aug 2025 04:24 PM IST
उदयपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उदयपुर

राजसमंद की विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी शुक्रवार देर रात सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह हादसा उदयपुर-राजसमंद नेशनल हाईवे पर अंबेरी इलाके में अमरखजी मंदिर से आगे चीरवा टनल की ओर जाने वाले कट के पास करीब रात एक बजे हुआ। उनकी कार को गुजरात नंबर की एक ब्लैक TUV गाड़ी ने जबरदस्त टक्कर मारी, जिससे कार में सवार सभी लोग घायल हो गए।
 
कट पर अचानक हुई टक्कर
जानकारी के अनुसार, गुजरात नंबर की ब्लैक TUV उदयपुर से नाथद्वारा की दिशा में जा रही थी। गाड़ी के ड्राइवर ने कट पर अचानक टर्न लेने की कोशिश की, तभी सामने से आ रही विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी की कार उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विधायक समेत उनके सहयोगी और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह भी पढ़ें- Rajasthan News: बीकानेर सेंट्रल जेल में कैदी तारा कंवर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या; प्रशासन में हड़कंप
 
कार में कौन थे सवार
दीप्ति माहेश्वरी की कार में उनके पीए जय और ड्राइवर धर्मेंद्र भी मौजूद थे। हादसे के बाद तीनों को गंभीर हालत में तुरंत उदयपुर के गीतांजलि हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, दीप्ति माहेश्वरी की पसलियों में फ्रैक्चर आया है और उन्हें फिलहाल आईसीयू में रखा गया है। उनके पीए जय को सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। ड्राइवर धर्मेंद्र भी घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
 
हादसे के बाद हिरासत में लिए गए चार युवक
टक्कर मारने वाली ब्लैक TUV गाड़ी में चार युवक सवार थे। उनकी पहचान इमरान खान (33), उस्मान गनी (25), मोहम्मद इमरान (44) और सागर लोहार (21) के रूप में हुई है। उदयपुर की सुखेर थाना पुलिस ने चारों को मौके से हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये सभी युवक उदयपुर के स्थानीय निवासी और पेशे से मैकेनिक हैं। फिलहाल पुलिस उनसे विस्तृत पूछताछ कर रही है।
 
कार्यक्रम से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, दीप्ति माहेश्वरी अक्सर अपने कार्यक्रमों के हिसाब से उदयपुर और राजसमंद के बीच आती-जाती रहती हैं। शुक्रवार को वे राजसमंद जिले में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुई थीं और देर रात उदयपुर लौट रही थीं। लेकिन शहर से करीब 10 किलोमीटर पहले ही यह हादसा हो गया।

यह भी पढ़ें- Rajasthan Exclusive: एसआई भर्ती का फाइनल आरएलपी ने लड़ा- बोले बेनीवाल, किरोड़ी से बढ़ी तल्खी का राज खोला
 
पुलिस जांच जारी, विधायक का इलाज ICU में
सुखेर पुलिस का कहना है कि हादसा कट पर अचानक टर्न लेने की वजह से हुआ। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गीतांजलि हॉस्पिटल में डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। वहीं पुलिस ने चारों युवकों को हिरासत में लेकर जांच तेज कर दी है, ताकि दुर्घटना के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो सके।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें