झीलों की नगरी उदयपुर में दीपावली मेले का आगाज 28 अक्टूबर से होने जा रहा है। नगर निगम की ओर से आयोजित इस मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और कलाकारों की सूची जारी कर दी गई है। हालांकि, कार्यक्रमों में लगातार बदलाव के कारण कवि सम्मेलन की तारीख को लेकर बना असमंजस अब खत्म हो गया है। शैलेश लोढ़ा अब 3 नवंबर को कवि सम्मेलन में प्रस्तुति देंगे। मेले का उद्घाटन 28 अक्टूबर को शाम 7:30 बजे होगा।
28 अक्टूबर से 11 नवंबर तक चलेगा दीपावली मेला
उदयपुर नगर निगम की ओर से आयोजित दीपावली मेला 28 अक्टूबर से 11 नवंबर तक चलेगा। नगर निगम ने सोमवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सूची के साथ कलाकारों के नाम भी तय कर दिए हैं। मेले में भजन संध्या, बॉलीवुड संगीत, स्टैंडअप कॉमेडी, स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां और कवि सम्मेलन आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार, 28 अक्टूबर को भजन संध्या में अनामिका अंबर और छोटू सिंह रावणा प्रस्तुति देंगे। 29 अक्टूबर को रेपरिया बालम और फकीरा खान कार्यक्रम पेश करेंगे। 30 अक्टूबर को बॉलीवुड सिंगर पलक मुच्छाल अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी। 31 अक्टूबर को स्थानीय प्रतिभाओं को मंच दिया जाएगा, जबकि 1 नवंबर को स्टैंडअप कॉमेडियन गौरव गुप्ता दर्शकों को हंसाएंगे। 2 नवंबर को स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। वहीं, 3 नवंबर को कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें शैलेश लोढ़ा शामिल होंगे।
उद्घाटन समारोह में मंत्री और सांसद होंगे शामिल
दीपावली मेले के उद्घाटन समारोह में मेवाड़ महामंडलेश्वर रास बिहारी शरण और राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी शामिल होंगे। इसके अलावा सांसद मन्नालाल रावत, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, गोगुंदा विधायक प्रताप गमेती और मावली विधायक पुष्कर डांगी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के मौजूद रहने की संभावना है। उदयपुर नगर निगम के महापौर पारस सिंघवी भी मेले की तैयारियों और कार्यक्रमों को लेकर जानकारी देंगे।
21 दिनों में चौथी बार बदला कार्यक्रम
दीपावली मेले के कार्यक्रमों में बार-बार हो रहे बदलाव चर्चा का विषय बने हुए हैं। नगर निगम ने 5 अक्टूबर को मेले की अवधि 28 अक्टूबर से 8 नवंबर तक तय की थी। अगले ही दिन मेले की अवधि बढ़ाकर 11 नवंबर कर दी गई। इसके बाद कलाकारों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सूची में भी बदलाव किए गए।
कवि सम्मेलन को लेकर पहले डॉ. कुमार विश्वास के नाम पर चर्चा हुई, इसके बाद शैलेश लोढ़ा को लेकर असमंजस बना रहा। पहले कवि सम्मेलन की तारीख 31 अक्टूबर तय की गई थी, लेकिन शैलेश लोढ़ा की उपलब्धता के अनुसार अब इसे 3 नवंबर को आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
भजन, संगीत और हास्य से सजेगी शाम
इस बार उदयपुर का दीपावली मेला विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, बॉलीवुड संगीत, भजन संध्या, हास्य कार्यक्रमों और कवि सम्मेलन से सजेगा। स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। अब शहरवासियों को मेले के शुभारंभ और आगामी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का इंतजार है।