माउंट आबू के देलवाड़ा इलाके में सड़क किनारे खड़े अंबाजी निवासी एक युवक को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक हवा में उछलकर दूर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने घायल युवक को तुरंत पास के ग्लोबल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे बड़े अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया।
गौरतलब है कि देलवाड़ा माउंट आबू के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है, जहां जैन समाज का प्राचीन मंदिर स्थित है। साथ ही यह क्षेत्र अचलगढ़ और गुरुशिखर जैसे अन्य पर्यटन स्थलों का मार्ग भी है। इसलिए दिनभर इस क्षेत्र में यातायात का भारी दबाव बना रहता है। सड़क के दोनों ओर पर्यटकों द्वारा वाहन खड़े किए जाने से यातायात बाधित हो जाता है। देलवाड़ा पुलिस चौकी नजदीक होने के बाद भी पार्किंग की समस्या को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। आए दिन होने वाले हादसों के बावजूद प्रशासन द्वारा इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।