Rajasthan Politics: राजस्थान की सियासी रणभूमि में एक बार फिर तापमान में बदलाव आ गया है। मौका था स्व. राजेश पायलट की पुण्यतिथि का, लेकिन चर्चा का केंद्र बन गए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बिगड़े रिश्ते, जो इस कार्यक्रम में सुलझते नजर आए। सभा स्थल से बाहर आए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान ने सभी को चौंका दिया। दरअसल ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि जिस मंच से कभी गहलोत ने सचिन पायलट को पार्टी विरोधी करार दिया था, उसी मंच से उन्होंने अपने पुराने शिष्य के लिए प्रेम और सौहार्द का राग अलापा। गहलोत ने मीडिया की उन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें उनकी और पायलट की अनबन की बातें कही जाती रही थीं। उन्होंने बड़े नाटकीय अंदाज में कहा- मैं और पायलट कब अलग थे? हम तो हमेशा से साथ हैं और दोनों में खूब मोहब्बत भी है, ये तो मीडिया ही अनबन की खबरें चलाता रहता है।