जिले में थर्मल पॉवर प्लांट के गेट नंबर एक के पास शुक्रवार को भारी-भरकम अजगर आने से दहशत फैल गई। अजगर को देखते ही गेट के पास मौजूद सुरक्षा गार्ड्स ने सतर्कता दिखाते हुए इसकी सूचना तुरंत स्नेक कैचर गोविंद शर्मा को दी। इसके बाद गोविंद शर्मा ने मौके पर पहुंचकर कुछ ही मिनट में अजगर का सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर लिया और उसे लाडपुरा रेंज के जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: बजट सत्र से पहले राज्य के वित्तीय हालातों पर एक नजर, चार महीनों में कैसे खर्च होगा बचा हुआ आधा बजट
स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने बताया कि थर्मल पॉवर प्लांट के आसपास घने जंगल का क्षेत्र है। यहां पर आए दिन जंगली जानवरों का मूवमेंट देखने-सुनने को मिलता है। आज इस अजगर का रेस्क्यू किया गया है, जो करीब 8 फीट लंबा है। संभावना है कि यह अजगर शिकार की तलाश में यहां तक पहुंच गया होगा। स्नेक कैचर ने बताया कि यहां पर पहले भी लेपर्ड, भालू, सियार, अजगर, सांप जैसे कई वन्य जीव घूमते हुए दिखाई दे चुके हैं। 2 दिन पहले भी यहां काम करने वाली लेबर को एक लेपर्ड दिखाई दिया था। ऐसे में आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों में हमेशा खतरा बना रहता है।
बता दें कि दिसंबर में यहां काम करने वाले एक संविदाकर्मी पर अजगर ने हमला कर दिया था और उसे निगलने की भी कोशिश की थी लेकिन वहां मौजूद अन्य मजदूरों की मदद से संविदाकर्मी को अजगर के चंगुल से छुड़ा लिया गया था। इस दौरान मजदूरों ने अजगर पर डंडों से हमला कर दिया था, जिससे बाद में अजगर की मौत हो गई थी। घटना के बाद प्रशासन और थर्मल प्रबंधन को यह निर्देश जारी किए गए थे कि कहीं भी जंगली जानवर दिखाई देने पर उसकी सूचना तुरंत दी जाए ताकि वन्य जीव और कर्मचारी को बचाया जा सके।