दौसा सीट पर भाजपा अपनी पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार में जुटी हुई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और वसुंधरा सरकार में कृषि मंत्री रहे प्रभुलाल सैनी बुधवार को विधानसभा उपचुनाव को लेकर दौसा पहुंचे। इस दौरान प्रभुलाल सैनी ने भाजपा प्रत्याशी जगमोहन मीणा के समर्थन में जनसंपर्क किया।
मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व मंत्री प्रभुलाल सैनी ने कहा, वैसे तो हम प्रदेश की सातों विधानसभा सीटें जीतेंगे। लेकिन, दौसा विधानसभा को हम निश्चित रूप से जीतेंगे क्योंकि भारतीय जनता पार्टी तुष्टिकरण की राजनीति नहीं करती, संतुष्टीकरण की राजनीति करती है। जबकि, कांग्रेस ने हमेशा तुष्टिकरण का सहारा लेकर समाज को आपस में लड़ाने का काम किया है।
कांग्रेस द्वारा सामान्य सीट पर सामान्य वर्ग के बजाय एसटी वर्ग के प्रत्याशी को टिकट देने पर टिप्पणी करते हुए प्रभुलाल सैनी ने कहा, कांग्रेस जनता में भ्रम फैला रही है। दौसा में कैबिनेट मंत्री के भाई को टिकट देने पर परिवारवाद के सवाल पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। भाजपा का सिद्धांत है कि हम ऐसे व्यक्ति को टिकट दें जो सीट निकाल सके। केंद्रीय नेतृत्व ने गहन विचार-विमर्श के बाद इस सीट पर जगमोहन मीणा को टिकट दिया है, क्योंकि जगमोहन मीणा एक अलग इकाई हैं। उनका एक अलग राशन कार्ड है और वह अपने आप में अलग इकाई रखते हैं।
उन्होंने कहा- राजेंद्र मीणा भी अलग पहचान रखते हैं। हम किसी भी व्यक्ति की योग्यता को परिवार के आधार पर नहीं दबा सकते, इसलिए पार्टी ने जगमोहन मीणा को प्रत्याशी बनाया है। इसके साथ ही पूर्व मंत्री प्रभुलाल सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधा।