फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bundi News: डोटासरा ने केंद्र पर लगाया वोट चोरी का आरोप, बोले- सरकार ने डेढ़ साल में जनता का विश्वास खोया

Thu, 18 Sep 2025 08:00 AM IST
बूँदी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बूंदी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने अपने बूंदी प्रवास के दौरान आयोजित पत्रकार वार्ता में आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार वोट चोरी कर सत्ता में आई है, जबकि राज्य सरकार विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की निगरानी करने के लिए सीसीटीवी कैमरों का दुरुपयोग कर रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की राजस्थान सरकार को डेढ़ साल से अधिक समय हो गया है लेकिन इस अवधि में जनता का विश्वास पूरी तरह खो चुकी है। कोई ऐसा काम नहीं किया जिससे किसान, युवा, मजदूर या आमजन को राहत मिली हो। उलटे, पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिया गया।

डोटासरा ने किसानों की दुर्दशा, फसलों के मुआवजे की कमी, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ न मिलने और स्मार्ट मीटर से जनता की परेशानी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं में आपसी कलह है, कैबिनेट के सदस्य आपस में संवाद नहीं करते और पूरा तंत्र बजरी के कारोबार में उलझा हुआ है।

ये भी पढ़ें: Rajasthan Politics: कांग्रेस का 'मिशन ओबीसी', राजस्थान में गहलोत-पायलट सहित 59 नेताओं की काउंसिल बनी

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राज्य सरकार पर विधानसभा में विपक्ष की जासूसी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सदन में पहले से ही 250 कैमरे लगे हुए हैं, जिनमें 9 कैमरे सीधे कंट्रोल रूम और यूट्यूब से जुड़े हैं लेकिन सरकार ने विपक्षी विधायकों की निगरानी के लिए दो अतिरिक्त कैमरे लगवाए हैं, जिनका एक्सेस केवल स्पीकर के रेस्ट रूम में दिया गया है। यह निजता का सीधा उल्लंघन है और इसके खिलाफ कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा।

जूली ने बताया कि उन्होंने यह मुद्दा विधानसभा अध्यक्ष के सामने भी उठाया लेकिन सही जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा कि सरकार के खुद के कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा भी कह चुके हैं कि सरकार उनके फोन टेप करा रही है और निगरानी करवा रही है।

इस मौके पर बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा, के. पाटन विधायक एवं जिलाध्यक्ष सी.एल. प्रेमी, महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष राखी गौतम, पीसीसी सदस्य सत्येश शर्मा, जिला प्रभारी प्रतिष्ठा यादव, बूंदी शहर अध्यक्ष शैलेष सोनी, तालेड़ा ब्लॉक अध्यक्ष प्रेमशंकर राठौर, पूर्व जिपस महावीर मीना और जगरूप सिंह रंधावा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें