जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के सोहनपुर पुलिया के पास किराए को लेकर राजस्थान रोडवेज के परिचालक के साथ चार से पांच युवकों द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि अन्य युवक मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार राजस्थान रोडवेज में परिचालक धर्मवीर खेड़ली से बस लेकर आ रहे थे। इस दौरान चार से पांच युवक बस में चढ़े और गेट के पास ही खड़े हो गए। जब परिचालक ने उनसे किराया मांगा, तो उन्होंने किराया देने से मना कर दिया और परिचालक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
परिचालक धर्मवीर ने बताया कि ये युवक अक्सर बसों में चढ़कर उपद्रव मचाते हैं और लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करने के उद्देश्य से बस में यात्रा करते हैं। मारपीट की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप किया, जिससे घबराकर आरोपी युवक भागने लगे। हालांकि लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया और उसे मालाखेड़ा पुलिस के हवाले कर दिया।
परिचालक ने बस को बस स्टैंड लाकर रोडवेज के अन्य कर्मचारियों के साथ पकड़े गए युवक को कोतवाली थाने में सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार युवकों की तलाश जारी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।