अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित गांव उदी का बास में एक दर्दनाक हादसे में एक विवाहिता गंभीर रूप से झुलस गई। बताया जा रहा है कि तेज अंधड़ के चलते चूल्हे की आग अचानक भड़क उठी और खाना बना रही महिला उसकी चपेट में आ गई। गम्भीर रूप से झुलसी विवाहिता को परिजनों ने आनन-फानन में अलवर के सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां बर्न वार्ड में उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, गांव उदी का बास निवासी घनश्याम कश्यप की 24 वर्षीय पत्नी राखी बुधवार दोपहर को अपने घर में चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी दौरान तेज आंधी चलने लगी, जिससे चूल्हे की आग भभक उठी और उसमें से निकली चिंगारी राखी के कपड़ों में जा लगी। देखते ही देखते राखी आग की लपटों में घिर गई। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया। गंभीर रूप से झुलसी राखी को तुरंत अलवर लाया गया, जहां उसे सामान्य अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है।
पढ़ें: आधी रात डकैती से सनसनी, पांच साल पुराने हत्या केस में उम्रकैद; सिलसिलेवार जानें धौलपुर के बड़े मामले
डॉक्टरों के मुताबिक राखी का शरीर काफी प्रतिशत तक झुलस गया है और उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। यदि स्थिति में सुधार नहीं होता है तो उसे जयपुर रेफर किया जा सकता है। पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई है। मालाखेड़ा थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर महिला की स्थिति के बारे में डॉक्टरों से जानकारी ली है। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मियों में चूल्हे पर खाना बनाते समय तेज हवा चलने पर इस तरह की घटनाएं अक्सर हो जाती हैं। ऐसे में सावधानी बरतना जरूरी है।