अलवर शहर में स्कीम-8 स्थित पार्षद अंशुल सैनी के निवास पर अचानक एक सांप का बच्चा घुस आने से स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना वाइल्ड लाइफ टीम को दी। सूचना पर वाइल्ड लाइफ विशेषज्ञ साजन मल्होत्रा तुरंत वहां पहुंच गए और उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बमुश्किल सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। उन्होंने बताया, बारिश के दिनों में ऐसे सांप अक्सर आ जाते हैं और लोग मार देते हैं। जबकि इन सांपों को मारना नहीं चाहिए। बल्कि वाइल्ड लाइफ को सूचना देनी चाहिए, जिससे उनको जीवित पकड़ा जा सके।
साजन मल्होत्रा ने बताया कि यह सांप वुल्फ स्नेक प्रजाति का सांप है, जो जहरीला नहीं होता। उन्होंने बताया कि इसे पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया जाएगा, ताकि यह प्राकृतिक वातावरण में स्वछंद रूप से अपना जीवन जी सके। उन्होंने बताया कि आमतौर पर जो सांप निकल कर घरों में घुस जाते हैं वे भी सारे जहरीले नहीं होते। जरूरत केवल इतनी है कि उन सांपों को मार नहीं जाए और वाइल्ड लाइफ को सूचना दी जाए। ताकि उनको पकड़ कर सुरक्षित छोड़ा जा सके।
यह भी पढ़ें: गोतस्करी के आरोपी की पुलिस ने शहर में कराई पैदल परेड, 50 हजार का इनाम था घोषित
साजन मल्होत्रा ने आमजन से अपील की कि किसी भी अनजान सांप को खुद से पकड़ने या मारने की कोशिश न करें। क्योंकि कई प्रजातियों के सांप जहरीले हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत वाइल्ड लाइफ विभाग या विशेषज्ञों को सूचना देनी चाहिए, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो। वाइल्ड लाइफ टीम की इस त्वरित कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस भी ली। स्थानीय निवासियों ने वाइल्ड लाइफ टीम के प्रयासों की सराहना की और जागरुकता बढ़ाने की जरूरत बताई। ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं में घबराहट न हो और सुरक्षित बचाव संभव हो सके।