अलवर में शहर कोतवाली थाना अंतर्गत स्थानीय महल चौक के समीप रहने वाले एक 41 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। इस व्यक्ति की फोन पर अपनी पत्नी से कहासुनी हो गई थी और इस बात से क्षुब्ध होकर यह फंदे पर लटक गया। कुल मिलाकर युवक ने पत्नी से अनबन होने पर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के महल चौक के समीप का निवासी दीपक राजपूत अलवर में मामा गुटखा की फैक्ट्री में मजदूरी का काम करता था। करीब एक सप्ताह पूर्व उसकी पत्नी विवाह समारोह में शामिल होने की कहकर बिहार चली गई थी। हालांकि, दीपक राजपूत भी उसके साथ जाना चाहता था। लेकिन उसकी पत्नी उसे साथ नहीं ले गई। कई दिनों से वह फोन कर के अपनी पत्नी को बुला भी रहा था। लेकिन उसके नहीं आने पर रात को उसकी फोन पर काफी देर पत्नी से बात हुई और बातचीत में उन दोनों के बीच कहासुनी भी हो गई।
बुधवार सुबह परिजनों ने जब पहली मंजिल पर दीपक के कमरे का गेट खोला तो वह पंखे से लटका हुआ मिला। इसके बाद कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी, जो तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। शव को जनरल हॉस्पिटल लाया गया, जहां शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। मृतक के भाई गौरीशंकर राजपूत का कहना था कि दीपक का 10 वर्ष पूर्व विवाह हुआ था और उसके एक बेटी भी है, जिसे दीपक की पत्नी अपने साथ ले गई है।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस पुछताछ के लिए उसकी पत्नी के बिहार से आने का इंतजार कर रही है। ताकि आत्महत्या का सही कारण पता लग सके। पुलिस के अनुसार, फिलहाल शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है और मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।