एसएसपी सरताज सिंह चहल ने मोगा के नए एसएसपी के रूप में पदभार संभाल लिया है। चार्ज संभालते ही उन्होंने साफ किया कि मोगा में ड्रग माफिया, क्रिमिनल नेटवर्क और कानून व्यवस्था को खराब करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने लोगों के सहयोग से पीपल-फ्रेंडली पुलिसिंग को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। पदभार संभालने के बाद एसएसपी सरताज सिंह चहल ने कहा कि मोगा पुलिस का मुख्य उद्देश्य जिले में अमन-शांति बनाए रखना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि ड्रग्स, अपराधियों और उनके नेटवर्क के खिलाफ बिना किसी ढील के कार्रवाई की जाएगी।.उन्होंने यह भी कहा कि जनता के साथ सहयोगात्मक और पीपल-फ्रेंडली पुलिसिंग को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि लोगों की समस्याओं का तुरंत और प्रभावी समाधान किया जा सके। एसएसपी चहल ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति अफवाह फैलाने, रूमर मोंगरिंग करने या इलाके की शांति भंग करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अप्रमाणित जानकारी पर विश्वास करने की बजाय सीधे मोगा पुलिस से संपर्क किया जाए। उन्होंने बताया कि पुलिस की ओर से फैक्ट-चेक और क्लैरिफिकेशन वीडियो भी लगातार जारी किए जाएंगे, ताकि लोगों तक सही और प्रमाणित जानकारी पहुंच सके।