मोगा के गिल रोड स्थित गुरु अर्जन देव नगर के एक रिहायशी इलाके में रविवार सुबह बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण एक घर में अचानक भीषण आग लग गई। घर में सो रहे परिवार ने किसी तरह बाहर भागकर अपनी जान बचाई। आग इतनी तेजी से फैली कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने तक घर का सारा सामान जलकर राख हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने की कोशिश करने लगे। वहीं सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। जानकारी देते हुए विशाल कुमार ने बताया कि वह एसी और फ्रिज का काम करते हैं। रविवार सुबह करीब 5:30 बजे उन्हें कुछ जलने की बदबू आई। जब वह कमरे से बाहर निकले तो देखा कि घर में आग लगी हुई है। उन्होंने बताया कि उस समय बच्चे कमरे में सो रहे थे, जिन्हें मुश्किल से बाहर निकाला गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बाहर पड़े पुराने एसी और फ्रिज भी इसकी चपेट में आ गए। उन्होंने बताया कि आग लगने से घर के बेड, कपड़े, अलमारी समेत सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। अलमारी में रखे करीब 2 लाख रुपये नकद भी आग में जल गए। विशाल कुमार ने बताया कि वह इस मकान में किराये पर रह रहे थे और आग से करीब 15 से 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मौजूदा पार्षद देवेंद्र सिंह तिवारी ने बताया कि मोहल्ला निवासियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी थी, लेकिन आग ज्यादा होने के कारण घर का लगभग सारा सामान जलकर राख हो गया।