जिला पठानकोट के ब्लॉक धारकलां में ब्लॉक समिति चुनावों के दौरान विजयी रहे उम्मीदवारों द्वारा चेयरमैन और उप चेयरमैन के चुनाव के लिए ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी, धारकलां के कार्यालय में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक विशेष रूप से उपस्थित हुए। उनके साथ हलका इंचार्ज सुजानपुर अमित मिंटू, रोशन भगत, सोहन लाल सापरकंडी, संदीप कुमार ब्लॉक प्रधान और आम आदमी पार्टी के अन्य कार्यकर्ता व पदाधिकारी भी मौजूद थे। बैठक में सर्वसम्मति से एकता चौधरी को ब्लॉक समिति धारकलां का चेयरमैन और सुनीता को उप चेयरमैन चुना गया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक ने नव-नियुक्त चेयरमैन और उप चेयरमैन को फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें पद की बधाई दी। कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक ने कहा कि पंजाब में हाल ही में हुई ज़िला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों में लोगों ने आम आदमी पार्टी को भरपूर समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि पठानकोट ज़िले की छह ब्लॉक समितियों में से पांच पर पार्टी के चेयरमैन बने हैं, जो लोगों के भरोसे का प्रतीक है।