मोगा में ब्लॉक समिति के चेयरमैन चुनाव से पहले कांग्रेस के ब्लॉक समिति सदस्य अमनदीप सांघा को कुछ अज्ञात कार सवारों ने गन प्वाइंट पर अगवा कर लिया। घटना के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी रोष है। उन्होंने थाना सदर के बाहर सड़क जाम कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह करीब 11 बजे ब्लॉक समिति के चेयरमैन के चुनाव होने थे। इसी दौरान ब्लॉक समिति के मौजूदा मेंबर अमनदीप सांघा अपने भाई जसवंत सिंह के साथ ऑल्टो कार में मोगा के डीसी दफ्तर जा रहे थे। जब वे गांव घलकलां के पास पहुंचे तो रास्ते में 3-4 गाड़ियों में आए कुछ अज्ञात लोगों ने उनकी कार को घेर लिया और गन प्वाइंट पर अमनदीप सांघा को जबरदस्ती अपनी गाड़ी में बिठाकर फरार हो गए।