मोहाली में रविवार को आयोजित परीक्षा आठ केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिले के सभी आठ परीक्षा केंद्रों पर कुल 3120 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और प्रत्येक केंद्र पर प्रशासन तथा पुलिस के अधिकारी तैनात रहे। फेज-3बी1 स्थित स्कूल ऑफ एमिनेंस में भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। अभ्यर्थियों को गहन जांच और दस्तावेज सत्यापन के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 1:30 बजे तक ही प्रवेश की अनुमति थी। इसी दौरान स्कूल ऑफ एमिनेंस केंद्र पर एक छात्रा निर्धारित समय के बाद पहुंची, जिसके कारण उसे परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। समय सीमा समाप्त होने के चलते छात्रा को बिना परीक्षा दिए ही वापस लौटना पड़ा। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार परीक्षा के सुचारु और निष्पक्ष संचालन के लिए सभी केंद्रों पर निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया गया। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।