लुधियाना के भामियां रोड स्थित जीके स्टेट के बाहर तेज रफ्तार ऑडी कार ने चार लोगों को रौंद दिया। हादसे में कुचले-छोले बेचने वाले की मौत हो गई। घायलों को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना पाकर थाना जमालपुर पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। वहीं, हादसे के बाद ऑडी चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। रविवार को चंडीगढ़ नंबर की ऑडी कार का चालक कार से नियंत्रण खो बैठा। कार कई लोगों को टक्कर मारकर कुलचे-छोले की रेहड़ी से जा टकराई। इस हादसे में रेहड़ी चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों ने कार चालक की धुनाई कर उसे साइड में बैठा लिया। साथ ही पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आने से पहले ही एक व्यक्ति कार लेकर आया और ऑडी चालक को लेकर भाग निकला। सारी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रही है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। ऑडी चालक को जल्द काबू कर लिया जाएगा।