लुधियाना और बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में म्युनिसिपल कर्मचारी दल के सदस्यों ने पुलिस कमिश्नर को मांग पत्र सौंपकर संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर बल प्रयोग करना निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की कार्रवाई में कई कर्मचारियों को चोटें आईं, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। म्युनिसिपल कर्मचारी दल के नेताओं ने मांग की कि लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों की निष्पक्ष जांच कर उनके खिलाफ उचित कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में कर्मचारियों के लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित किया जाए, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि दोषी अधिकारियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो कर्मचारी संगठन अपने आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे। पुलिस कमिश्नर ने प्रतिनिधिमंडल को उनकी मांगों पर नियमानुसार विचार करने और मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया।