जालंधर के देश भगत यादगार हॉल में आयोजित पंजाब स्तरीय बैठक में रोडवेज और विभिन्न विभागों के ड्राइवरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान किया। पंजाब ड्राइवर एकता यूनियन के प्रदेश प्रधान राजकुमार ने कहा कि 2011 में अन्य कर्मचारियों के ग्रेड रिवाइज किए गए थे, लेकिन ड्राइवरों को अब तक उनका अधिकार नहीं मिला। उन्होंने बताया कि लंबे कानूनी संघर्ष के बाद हाईकोर्ट ने दो बार ड्राइवरों के पक्ष में फैसला सुनाया है और ग्रेड रिवाइज करने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद मांगें लागू नहीं होने पर कर्मचारियों में भारी रोष है। बैठक में पूरे पंजाब से आए ड्राइवरों ने सरकार की नीतियों पर चर्चा करते हुए आगामी संघर्ष की रणनीति तैयार की। यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ग्रेड पे और वेतन स्केल लागू नहीं किए गए तो सरकार की रैलियों का विरोध किया जाएगा और आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी सरकार की रीढ़ की हड्डी होते हैं और उनके हकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।