-आरोपी अब तक पांच बार पाकिस्तान से मंगवा चुके हैं हथियार
-दुबई में बैठे मन्नू का साथी है पकड़ा गया आरोपी
-
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। काउंटर इंटेलीजेंस और पंजाब की खुफिया एजेंसी स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ने अंतरराष्ट्रीय हथियारों की तस्करी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का एक दिन पहले भंडाफोड़ किया है। गिरोह के एक तस्कर गुरप्रीत सिंह उर्फ काका शूटर को गिरफ्तार कर तीन विदेशी पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए। पकड़े के आरोपी को अदालत में पेश किया गया है अदालत ने आरोपी का दो दिन का रिमांड दिया है। इस दौरान आरोपी से की गई पूछताछ के दौरान कई सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं। हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह को दुबई में बैठा मनजोत सिंह उर्फ मन्नू चल रहा है।
काउंटर इंटेलीजेंस अमृतसर के इंस्पेक्टर इंद्रदीप सिंह और सब इंस्पेक्टर जगदीप सिंह को सूचना मिली थी मनजोत सिंह निवासी गांव हवेलियां नजदीक अंतरराष्ट्रीय भारत पाकिस्तान सीमा जिला तरनतारन, इस समय दुबई में बैठा है । वहीं से बैठकर हथियारों की तस्करी का नेटवर्क चला रहा है । पाकिस्तान में बैठे तस्करों के साथ सोशल मीडिया की अलग-अलग एप्स द्वारा संपर्क करता है । इसके बाद पंजाब में खासकर अमृतसर में बैठे अपने साथी तस्करों को पाकिस्तान से हथियार सप्लाई करवा रहा है। ड्रोन द्वारा हथियारों की एक खेप पाकिस्तान से अमृतसर में भेजी गई है। इस खेप को उसका साथी गुरप्रीत सिंह उर्फ काका निवासी गांव हवेलियां एक्टिवा पर सवार होकर ले जा रहा था । काउंटर इंटेलीजेंस के इंस्पेक्टर इंद्रदीप सिंह और सब इंस्पेक्टर जगदीप सिंह ने देर रात कार्रवाई करते हुए बॉर्डर के नजदीक खासा राम तीर्थ लिंक रोड पर स्थित गांव खुरमानिया में नाका लगा कर आरोपी एक्टिवा पर सवार गुरप्रीत सिंह उर्फ काका को गिरफ्तार कर लिया।
इस केस में उसके दूसरे साथी नछत्तर सिंह उर्फ काका शूटर निवासी ढींगरा कॉलोनी राम तीर्थ रोड का भी नाम सामने आया है। स्टेट स्पेशल आपरेशन सेल में दुबई में बैठे मनजोत सिंह मन्नू, गिरफ्तार किए गए गुरप्रीत सिंह काका शूटर और फरार चल आ रहे नछत्तर सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया ।
आरोपी से काउंटर इंटेलीजेंस के ज्वाइंट इंटेरोगेशन सेंटर में पूछताछ की जा रही है। आरोपी ने खुलासा किया है के अब तक उन्हें पांच बार पाकिस्तान से हथियार भेजे जा चुके हैं । हर बार दुबई से मन्नू उन्हें बताता था कि हथियार कहां और किसको देने हैं।वह हथियार लेने वाले को नहीं जानते थे । मन्नू द्वारा बताए गए ठिकाने पर खड़े हो जाते थे। वहीं उनसे हथियार लेकर संबंधित व्यक्ति चले जाते थे। इसके अलावा यह बात भी सामने आई है के काका शूटर और नछत्तर सिंह दोनों ही कुख्यात और अंतरराष्ट्रीय तस्कर रणजीत सिंह राणा के नजदीकी रिश्तेदार है। राणा ने ही उनका संपर्क पाकिस्तान में बैठे तस्करों और दुबई में बैठे मन्नू से करवाया है। पूछताछ के दौरान सामने आया आरोपी और उसका साथी पंजाब के अलग-अलग जिलों और कस्बों में सक्रिय गैंगस्टर और अन्य अपराधियों को हथियार सप्लाई करते है।