करतारपुर के मुख्य बाजार में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। थाना क्षेत्र से कुछ ही दूरी पर बीती रात अज्ञात चोरों ने 7 दुकानों के शटर तोड़कर चोरी की कोशिश की। हालांकि अधिकांश दुकानों से कुछ हाथ नहीं लगा, लेकिन एक शॉकर रिपेयरिंग की दुकान से करीब साढ़े 4 लाख रुपये का सामान चोरी कर आरोपी फरार हो गए। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि चोर उसकी दुकान से नए-पुराने शॉकरों के साथ काम में इस्तेमाल होने वाले कीमती औजार भी उठा ले गए। उसने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर इंसाफ दिलाने की मांग की है। घटना की जानकारी लेने पहुंचे भाजपा नेता तरसेम थापा ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे तीन नकाबपोश आरोपी एक छोटे हाथी वाहन में आए और वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ित दुकानदार शॉकर बेचने और रिपेयरिंग का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था, लेकिन चोर उसकी मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर गए। तरसेम थापा ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि थाने की नजदीकी के बावजूद बेखौफ चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द ट्रेस कर सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की है।