फिरोजपुर के विधानसभा हलका जीरा की थाना सदर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 13 वर्षीय बच्चे को सुरक्षित बरामद कर उसके परिवार से मिला दिया। एएसआई गगनदीप सिंह ने बताया कि गांव हरदास निवासी गुरनूर किसी कारणवश घर से निकलकर तलवंडी भाई रेलवे स्टेशन पहुंच गया था। वहां से वह अपनी बुआ के पास जाने के लिए निकला, लेकिन बाद में फिरोजपुर पहुंच गया। फिरोजपुर में वह एक अज्ञात व्यक्ति के बहकावे में आकर हिमाचल प्रदेश चला गया। पुलिस ने बच्चे की जानकारी सोशल मीडिया और विभिन्न पुलिस वेबसाइटों पर सांझा की थी तथा लोगों से सूचना मिलने पर संपर्क करने की अपील की थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने बच्चे के संबंध में थाना सदर जीरा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया और उसे परिवार के हवाले कर दिया। परिजनों ने पंजाब पुलिस और एएसआई गगनदीप सिंह का धन्यवाद करते हुए कहा कि समय रहते बच्चे के मिलने से उनका परिवार बेहद खुश है।