फरीदकोट की केंद्रीय मॉडर्न जेल में आपसी विवाद के दौरान धक्का लगने से सिर पर गंभीर चोट आने के कारण एक हवालाती की मौत हो गई। मृतक की पहचान बरनाला जिले के गांव चौहान कलां निवासी अमनदीप सिंह के रूप में हुई है। वह अपने पिता की हत्या के मामले में न्यायिक हिरासत के तहत जेल में बंद था। घटना के बाद सिटी पुलिस ने मोगा जिले के गांव बिलासपुर निवासी हवालाती अमृतपाल सिंह के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11 बजे जेल के आरओ प्लांट पर पानी भरने के दौरान दोनों हवालातियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर अमृतपाल सिंह ने अमनदीप सिंह को धक्का दे दिया, जिससे उसका सिर दीवार से टकरा गया और उसे गंभीर चोट लगी। जेल कर्मचारियों ने तुरंत उसे जेल अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। रविवार देर रात अमनदीप सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे सिविल अस्पताल फरीदकोट रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जेल सूत्रों के अनुसार, अमनदीप सिंह अपने पिता की हत्या के मामले में जेल में बंद था। परिवार का कोई सदस्य उससे मिलने नहीं आता था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान और चिड़चिड़ा रहने लगा था। बताया जा रहा है कि वह अक्सर साथी हवालातियों के साथ विवाद करता रहता था। रविवार को भी मामूली कहासुनी के बाद हुए विवाद में धक्का लगने से उसके सिर पर गंभीर चोट आई, जो बाद में उसकी मौत का कारण बनी। डीएसपी (डी) अवतार सिंह राजपाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। शव का गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बोर्ड की निगरानी तथा मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी हवालाती के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।