विश्व स्तर पर फाइबर ऑप्टिक तकनीक के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले और 'फाइबर ऑप्टिक्स के जनक' के रूप में प्रसिद्ध मोगा की धरती पर जन्मे महान वैज्ञानिक नरेंद्र सिंह कपानी की 100वीं जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन मोगा की ओर से दो दिवसीय विज्ञान प्रदर्शनी का आज शुभारंभ किया गया। इस प्रदर्शनी में जिले के लगभग 40 स्कूलों के विद्यार्थी अपने वैज्ञानिक मॉडलों, नवीन विचारों और शोध परियोजनाओं के साथ भाग ले रहे हैं। प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने कहा कि नरेंद्र सिंह कपानी ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और खोजों के माध्यम से न केवल भारत, बल्कि पूरी दुनिया में मोगा का नाम रोशन किया है। उनकी जीवन यात्रा युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि ऐसे महान वैज्ञानिकों को याद करने का वास्तविक उद्देश्य युवाओं में अनुसंधान, नवाचार और वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करना है। डिप्टी कमिश्नर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे प्रत्येक बात को तर्क की कसौटी पर परखें, सवाल पूछें और नई चीजें सीखने की जिज्ञासा बनाए रखें। वैज्ञानिक सोच ही नए विचारों और आविष्कारों का आधार बनती है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा ऐसे प्रयासों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और विज्ञान से जुड़ने के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। सेतिया ने यह भी कहा कि डॉ. कपानी न केवल मोगा, बल्कि पंजाब और पूरे देश का गौरव हैं। उनकी स्मृति में मोगा में जल्द ही एक अत्याधुनिक लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी, ताकि बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित की जा सके।