सतलुज दरिया में पानी का स्तर बढ़ने लगा है। टापू कालू वाला के लोग बाढ़ के भय से भयभीत हैं। सीमावर्ती गांवों में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए एसडीएम गुरमीत सिंह ने दौरा किया। एसडीएम गुरमीत सिंह ने कहा कि सतलुज दरिया में पानी का स्तर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। कालू वाला टापू के लोगों की कुछ मांगी थी जो जिला प्रशासन ने पूरी की है । कालू वाला के लोगों का कहना है कि यहां पर एक प्राइमरी स्कूल है और दरिया में पानी का स्तर बढ़ने के चलते यहां पर टीचर नहीं आ रहा है। इसके अलावा उन्हें एक बड़ी नाव चाहिए ताकि वह ऐसी स्थिति में दरिया को पार कर अपने गांव कालू वाला टापू और शहर आ जा सके। नाव संबंधी तहसीलदार को भी आदेश दिए गए हैं। एसडीएम ने कहा कि दरिया में पानी का स्तर तो अधिक है लेकिन खतरे वाली कोई बात नहीं है । जब खतरे की स्थिति पैदा होगी तो सबसे पहले टापू कालू वाला टापू के लोगों को निकाल के सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने गांव टेनडी वाला, निहाले वाला, किलचे वाला व हुसैनीवाला का दौरा किया और लोगों की समस्या सुनीं । दरिया पर बने धुस्सी बांध का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पानी के साथ जलकुंभी ज्यादा आ रही है और टापू पर रहने वाले लोगों को नाव के जरिए आने-जाने में काफी दिक्कत पेश हो रही है। जलकुंभी को भी उन्होंने हटाने की मांग की है । उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हुए हैं।