कीरतपुर साहिब में चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर गांव मोड़ा के समीप शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा मौड़ा टोल प्लाजा से करीब आधा किलोमीटर आगे हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, राहगीरों ने हाईवे के बीचों-बीच एक व्यक्ति का शव नग्न अवस्था में पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन ने व्यक्ति को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने एनएचआई की 1033 एंबुलेंस की सहायता से शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल श्री आनंदपुर साहिब भेज दिया है। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात वाहन व मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।