फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जीटी रोड पर चलती बस में लगी भीषण आग, सभी यात्री सुरक्षित; बड़ा हादसा टला

खन्ना के निकट वीजा चौक के पास जीटी रोड पर रविवार को एक चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई। बस में सवार यात्रियों को आग लगने की जानकारी तब मिली जब पीछे से आ रहे वाहन चालकों ने शोर मचाकर चालक को इसकी सूचना दी। चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के दौरान एक-दो यात्रियों को मामूली झुलसने की चोटें आईं। किसी का हाथ तो किसी का पैर हल्का जल गया, लेकिन सभी यात्री सुरक्षित रहे। बाद में यात्रियों के लिए दूसरी बस की व्यवस्था कर उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। सूचना मिलते ही खन्ना फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक आग पूरी बस में फैल चुकी थी। आग की चपेट में आने से यात्रियों का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया, जबकि बस करीब 80 प्रतिशत तक क्षतिग्रस्त हो गई। बस में सवार एक यात्री ने बताया कि बस जालंधर से उत्तर प्रदेश जा रही थी। रास्ते में लुधियाना से भी यात्रियों को बस में बैठाया गया था। लुधियाना से रवाना होने के कुछ समय बाद ही वीजा चौक के पास बस के पिछले हिस्से में अचानक आग लग गई। पीछे से आ रहे लोगों ने चालक को इसकी सूचना दी, जिसके बाद बस रोककर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही खन्ना की एसडीएम स्वाति तिवाना भी मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है तथा बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। एसडीएम ने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। उन्होंने बताया कि फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें