मोगा एंटी करप्शन संस्था की ओर से हर वर्ष की तरह इस बार भी मालवे का सबसे बड़ा 21वां तीज मेला दो दिवसीय कार्यक्रम के रूप में धूमधाम से आयोजित किया गया। मेले में पंजाबी सभ्याचार की रंग-बिरंगी झलक देखने को मिली। सुबह हुई भारी बारिश और सड़कों पर पानी भरने के बावजूद महिलाओं का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में महिलाओं ने मेले में पहुंचकर कार्यक्रम का आनंद लिया। समापन समारोह के दौरान मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा, नगर निगम मेयर विनय पाल कौर, मालविका सूद, हरजोत कमल और अकाली दल के संजीत सिंह सन्नी गिल सहित कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। इसके अलावा समाज सेविका मनीषा देवा भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने महिलाओं के साथ मिलकर गिद्दा और बोलियां डालीं, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया। सभी ने महिलाओं को तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं और ऐसे आयोजनों को सामाजिक एकता और संस्कृति के संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण बताया। आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष मेले में 3000 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। मेले में पारंपरिक परिधान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभिन्न प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहीं।