पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को पाकिस्तान के प्रांतीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री और पाक सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष रमेश सिंह अरोड़ा ने पाकिस्तान आने का औपचारिक निमंत्रण दिया है। अरोड़ा ने वीडियो संदेश जारी कर मान और पंजाब विधानसभा के सभी सदस्यों को आमंत्रित किया। पाक मंत्री अरोड़ा ने कहा कि पाकिस्तान दोनों देशों के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और भाईचारे के संबंध मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भारतीय विधायकों से गुरुद्वारा दरबार साहिब, करतारपुर के साथ अन्य धर्मों के ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन करने की भी अपील की। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री मान ने चार दिन पहले पंजाब विधानसभा में 27 से 29 नवंबर तक लाहौर में होने वाले चौथे अंतरराष्ट्रीय पंजाबी सम्मेलन में शामिल होने की इच्छा जताई थी। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए पाकिस्तान यात्रा की अनुमति मिलने पर संदेह जताया था।