मोगा में वीरवार को सुखबीर सिंह बादल की अगुवाई में शिरोमणि अकाली दल की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पार्टी का दामन थामा। इस दौरान भारतीय मजदूर संघ के जिला प्रधान समेत उनके कई साथियों ने भी शिरोमणि अकाली दल में शामिल होने की घोषणा की। सुखबीर सिंह बादल ने बताया कि आज मोगा में इंटक के पूर्व जिला प्रधान विजय धीर अपने विभिन्न मजदूर यूनियन के साथियों सहित शिरोमणि अकाली दल में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग पिछले 10 वर्षों से परेशान हैं। पहले 5 साल लोगों को कांग्रेस की सरकार से परेशानियां झेलनी पड़ीं और अब आम आदमी पार्टी की सरकार में भी हालात सुधरने के बजाय और बिगड़ गए हैं। मौजूदा सरकार के दौरान पंजाब में गैंगस्टरवाद, चोरी, फिरौती और नशे की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे प्रदेश का माहौल खराब हुआ है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग इन परिस्थितियों से बेहद दुखी हैं और आने वाले 2027 के चुनाव में इसका जवाब देंगे।