फिरोजपुर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 किलो हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एएनटीएफ के एआईजी गुरिंदरबीर सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी सिविल इंजीनियरिंग का छात्र है, जिसके संबंध पाकिस्तान स्थित तस्करों से हो गए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मोबाइल के माध्यम से पाकिस्तानी तस्करों के संपर्क में था और ड्रोन के जरिए भारत भेजी गई हेरोइन तथा अवैध हथियार प्राप्त करता था। इसके बाद वह तस्करों के निर्देशानुसार इनकी आगे सप्लाई करता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 12 किलो हेरोइन बरामद की है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस उसके नेटवर्क तथा अन्य सहयोगियों की भी गहन जांच कर रही है।