पावरकॉम (पीएसपीसीएल) और ट्रांसको के आउटसोर्स तथा ठेका कर्मचारियों का 25 जुलाई से शुरू हुआ धरना बुधवार को 13वें दिन भी जारी रहा। कर्मचारी स्थानीय पीएसपीसीएल सर्कल कार्यालय, तलवाड़ा तथा हाजीपुर स्थित एसई सिविल डिजाइन एवं निर्माण मुख्यालय के बाहर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार और बिजली विभाग के प्रबंधन पर कर्मचारियों के साथ हुए लिखित समझौतों से पीछे हटने का आरोप लगाया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक उनकी सभी लंबित मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक धरना और हड़ताल दोनों जारी रहेंगे। धरने को संबोधित करते हुए राज्य समन्वय समिति के सदस्य एवं मुकेरियां हाइडल प्रोजेक्ट, तलवाड़ा के सर्कल प्रधान हरदेव सिंह ने कहा कि हाल ही में पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के साथ हुई बैठक से कर्मचारियों को कोई राहत नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार आउटसोर्स और ठेका कर्मचारियों की मांगों को टालने का प्रयास कर रही है, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष है।