सीमावर्ती गांव अलीके में पुरानी रंजिश के चलते हथियारों से लैस बदमाशों ने एक घर में घुसकर व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। यही नहीं जाते समय आरोपी उक्त व्यक्ति पर पानी डालकर देखा कहीं जिंदा तो नहीं है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की बेटी सुमन ने बताया कि करीब 20 लोग हथियारों के साथ उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने पहले घर में जमकर तोड़फोड़ की और फिर उसके पिता गुरबच्चन सिंह को घेरकर लाठियों और अन्य हथियारों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सुमन का आरोप है कि हमलावर जाते समय उसके पिता के ऊपर पानी डालकर यह भी देख रहे थे कि वह कहीं जीवित तो नहीं हैं। पीड़िता ने बताया कि हमलावरों ने उसके भाई को भी बुरी तरह घायल कर दिया, जबकि घर की महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई। उसने पुलिस और जिला प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए परिवार को इंसाफ दिलाने की मांग की है। थाना सदर के एसएचओ गुरविंदर कुमार ने बताया कि आरोपियों ने घर में घुसकर गुरबच्चन सिंह की हत्या की है। पुलिस पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर रही है और नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।