रायकोट शहर में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। कूरियर डिलीवरी करने पहुंचे एक युवक से कार सवार बदमाश महंगा सैमसंग मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, गांव हेरां निवासी हरजीत सिंह एक कूरियर कंपनी के लिए डिलीवरी का कार्य करता है। उसने बताया कि गुरजीत सिंह मंड नाम से व्यक्ति ने जगराओं स्थित ई-कार्ट कंपनी के माध्यम से 1 लाख 61 हजार रुपये कीमत का सैमसंग मोबाइल फोन बुक किया था। उक्त ऑर्डर की डिलीवरी के लिए वह बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे रायकोट स्थित मशहूर कत्याल पैलेस के सामने पहुंचा। हरजीत सिंह के मुताबिक, फोन पर संपर्क करने के बाद एक युवक कार में सवार होकर मौके पर पहुंचा। युवक ने पहले मोबाइल फोन देखने की बात कही। हरजीत के अनुसार उसने युवक से ओटीपी मांगा और जैसे ही फोन का पैकेट दिखाया, आरोपी ने फोन झपट लिया और तुरंत कार में बैठकर फरार हो गया। अचानक हुई इस घटना से हरजीत सिंह घबरा गया और उसने कार का पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से मौके से निकल गया। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस घटना की सूचना मिलते ही रायकोट पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली। प्रारंभिक जांच में वारदात कैमरों में रिकॉर्ड होने की पुष्टि हुई है। फुटेज में संदिग्ध कार और आरोपी की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई देने की बात कही जा रही है।