सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री डॉ. बलजीत कौर के दिशा-निर्देशों और डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन के मार्गदर्शन में प्रोजेक्ट जीवनजोत 2 के तहत बाल भिक्षा रोकथाम जिला स्तरीय टास्क फोर्स ने सोमवार को गढ़शंकर में बाल भिक्षा रोकने के लिए छापेमारी की। इस छापेमारी के दौरान बंगा रोड, चंडीगढ़ रोड, नंगल रोड, नूरपुर बेदी रोड और बस स्टैंड गढ़शंकर, तहसील परिसर आदि स्थानों से 5 बच्चों को बाल भिक्षा से मुक्त कराया गया और उन्हें बाल कल्याण कमेटी के समक्ष पेश किया गया। बाल कल्याण कमेटी की ओर से बच्चों की काउंसलिंग की गई और बच्चों की भलाई को प्राथमिकता देते हुए उनके कल्याण के लिए निर्णय लिए गए।