भ्रष्टाचार के मामले में फंसे रोपड़ रेंज के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर पर पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने शुक्रवार को आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज कर लिया है। अब पंजाब विजिलेंस भी भुल्लर की संपत्ति को खंगालेगा। सीबीआई पहले ही भुल्लर के खिलाफ इस मामले में केस दर्ज कर चुकी है। आरोपी भुल्लर को निलंबित कर पंजाब गृह विभाग ने उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार आरोपी को सेवामुक्त करने के लिए भी कानूनी राय ली जा रही है। दूसरी ओर, डीआईजी के वकील इस बात का दावा कर रहे हैं कि उनकी संपत्ति उनकी नौकरी से पहले की है। यह उनकी पुश्तैनी प्रॉपर्टी है। वहीं भुल्लर के साथ पकड़े गए बिचौलिये कृष्णू से रिमांड के दूसरे दिन सीबीआई ने मोबाइल व व्हाट्अप चैट के रिकवर डाटा पर पूछताछ की। सीबीआई ने पंजाब के एक डीएसपी व एक अन्य अधिकारी से रिश्वतकांड में सामने आ रहे उनके नाम और जुड़े तथ्यों के संबंध में पूछताछ कर स्टेटमेंट रिकॉर्ड किए। डायरी में अफसरों और उद्योगपतियों को लेकर जो एंट्री हुई हैं, उसमें अब तक सीबीआई जांच में यही बात सामने आई है कि कृष्णू अफसरों व नेताओं के साथ उसके लिंक दिखाकर लोगों के काम पकड़ता था। काम के बदले में वह पैसे भी लेता था। सीबीआई ने भुल्लर के पारिवारिक सदस्यों को भी पूछताछ के लिए समन किया है। भुल्लर की पत्नी, बेटे और बेटी से बरामद संपत्तियों के दस्तावेज, गहने और नकदी के संबंध में पूछताछ की जाएगी और स्टेटमेंट लिए जाएंगे।