अमृतसर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जीआरपी और आरपीएफ द्वारा संयुक्त रूप से विशेष सर्च अभियान चलाया गया। इस अभियान की अगुवाई डीएसपी जोनल (जीआरपी) अमराविंदर सिंह और थाना प्रभारी सुखविंदर सिंह सरां ने की। डीएसपी अमराविंदर सिंह ने बताया कि हाल ही में सरहिंद में हुए ब्लास्ट की घटना के मद्देनज़र पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्मों, ट्रैक, पार्किंग एरिया और ट्रेनों के भीतर गहन तलाशी ली जा रही है। सर्च ऑपरेशन के दौरान डॉग स्क्वायड, एंटी-साबोटाज टीम (एएसटी) और रॉक स्कॉट की मदद ली जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।