नशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने एनडीपीएस एक्ट के 138 मामलों में बरामद नशीले पदार्थों को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत नष्ट कर दिया। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल के निर्देश पर ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में यह कार्रवाई खन्ना पेपर मिल के बॉयलर में नशीले पदार्थ डालकर की गई। डीसीपी इन्वेस्टिगेशन प्रभजोत सिंह विर्क, एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन जयंत पुरी और एसीपी कपिल कौशल की निगरानी में हुई इस कार्रवाई के दौरान 18.499 किलोग्राम हेरोइन, 50.012 किलोग्राम चरस, 71.800 किलोग्राम भुक्की, 3.353 किलोग्राम नशीला पाउडर, 857 ग्राम स्मैक, 2.170 किलोग्राम गांजा और 198 ग्राम भांग नष्ट की गई। इसके अलावा 15,831 नशीले कैप्सूल, 3,955 नशीली गोलियां, 76 नशीले टीके और कफ सिरप की पांच बोतलें भी नष्ट की गईं। पुलिस के अनुसार, नशा तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। नशे से जुड़े मामलों में कानूनी कार्रवाई के साथ बरामद नशीले पदार्थों का निर्धारित नियमों के अनुसार निपटारा भी किया जा रहा है। पुलिस ने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए अभियान जारी रखने की बात कही है।