किसान मजदूर मोर्चा के आह्वान पर संगरूर में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन के दौरान की गई पुलिस कार्रवाई के खिलाफ मोर्चे ने नए आंदोलनात्मक कदमों का एलान किया है। राज्य नेता सतनाम सिंह पन्नू ने अमृतसर में कहा कि भगवंत मान सरकार किसानों और मजदूरों की आवाज को दबाने के लिए दमनकारी नीतियां अपना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पुलिस बल का प्रयोग लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला उल्लंघन है। पन्नू ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने पुलिस कार्रवाई के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की और किसानों-मजदूरों की मांगों पर गंभीरता से बातचीत शुरू नहीं की, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। मोर्चा आने वाले दिनों में राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन, चक्का जाम और प्रशासनिक दफ्तरों के घेराव जैसे कदम उठा सकता है। उन्होंने कहा कि किसान और मजदूर अपने हक की लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे और सरकार को जनविरोधी फैसलों पर जवाब देना होगा।