पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने सोमवार को सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचकर मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने गुरु घर में श्रद्धा के साथ दर्शन किए और पालकी साहिब के दर्शन भी किए। राज्यपाल ने सरबत के भले की अरदास करते हुए पंजाब की शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में राज्यपाल कटारिया ने कहा कि उनके सीमावर्ती क्षेत्रों में कुछ सरकारी कार्यक्रम निर्धारित थे और इसी क्रम में उन्हें श्री दरबार साहिब में मत्था टेकने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि वह पहले भी अमृत वेले यहां दर्शन कर चुके हैं और हर बार यहां आकर उन्हें अद्भुत शांति का अनुभव होता है। राज्यपाल ने कहा कि उन्होंने गुरु घर में पंजाब को नशा मुक्त बनाने की अरदास की है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि नशे के खिलाफ अभियान में हर व्यक्ति अपनी भूमिका निभाए, ताकि पंजाब का भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल बन सके।